इस जंगल में सुरक्षा बलों को मिले 24 लाख रुपये और हथियारों का जखीरा, नक्सलियों के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार

0
IMG_20260626_131637_823


नारायणपुर।

नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत नारायणपुर पुलिस और सुरक्षा बलों को दो अलग-अलग सर्च ऑपरेशन में बड़ी सफलता मिली है। थाना छोटेडोंगर क्षेत्र के तोयामेटा जंगल से नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए 24 लाख रुपये नकद बरामद किए गए, जबकि थाना ओरछा क्षेत्र के टेकला जंगल-पहाड़ी से हथियारों और विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा जब्त किया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने इसे नक्सलियों के आर्थिक और सैन्य नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई बताया है।
पुलिस के अनुसार, विश्वसनीय सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान में तोयामेटा जंगल-पहाड़ी से 24 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि यह राशि नक्सली संगठन की गतिविधियों के संचालन के लिए छिपाकर रखी गई थी। बरामद नकदी के स्रोत और उपयोग की जांच की जा रही है।
वहीं टेकला जंगल-पहाड़ी में मिले डंप से एक इंसास रायफल, दो एसएलआर रायफल, दो .303 रायफल, दो 30-ओसी बंदूक, एक बीजीएल लॉन्चर, एक सिंगल शॉट बंदूक, बड़ी संख्या में मैगजीन, सैकड़ों जिंदा कारतूस, डेटोनेटर और बायोफेंग स्कैनर बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि यह डंप नक्सलियों के लिए महत्वपूर्ण संसाधन केंद्र था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लगातार चल रहे सर्च और एरिया डोमिनेशन अभियान के कारण नक्सलियों के ठिकानों और संसाधनों तक सुरक्षा बल पहुंचने में सफल हो रहे हैं। आगे भी जंगलों में छिपाए गए हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री की तलाश के लिए अभियान और तेज किया जाएगा।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि जिले में शांति, सुरक्षा और विकास की प्रक्रिया को और मजबूत बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *