सक्ती में दिनदहाड़े गोलीकांड: युवती की हत्या से सनसनी, इलाज के दौरान तोड़ा दम; दो बदमाश फरार
सक्ती।
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में शुक्रवार सुबह दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सक्ती थाना क्षेत्र में करीब 11 बजे बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक युवती को निशाना बनाते हुए गोली मार दी। गोली लगते ही युवती गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी।
स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए नाकेबंदी कर दी गई है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने जिले की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
